ज्वाला कमलापुरी की रिपोर्ट
गढ़वा के लाल तेजस्वी जायसवाल की बड़ी उपलब्धि, JPSC में 23वीं रैंक हासिल!

गढ़वा जिले के तेजस्वी जायसवाल ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में 23वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन झारखंड प्रशासनिक सेवा में हुआ है। तेजस्वी एक साधारण परिवार से आते हैं, लेकिन उनकी उपलब्धि असाधारण है। तेजस्वी के पिता वीरेंद्र जायसवाल श्री बंशीधर नगर बाजार की एक दुकान में मुनीम का काम कर किसी तरह अपने बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाते रहे। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। तेजस्वी बताते हैं कि उनके जीवन में सफलता का सबसे बड़ा श्रेय उनके छोटे भाई पृथ्वी जायसवाल को जाता है, जो 2018 से नेवी में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर विशाखापत्तनम में कार्यरत हैं। उन्होंने न सिर्फ आर्थिक रूप से मदद की, बल्कि हर कदम पर प्रोत्साहन और मार्गदर्शन भी दिया।
तेजस्वी का यह दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा पास नहीं कर सके थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दोगुनी मेहनत के साथ दोबारा परीक्षा दी। आज उनकी लगन और परिवार के संघर्ष का फल उन्हें मिला है। वर्तमान में वे घर में रह कर ही तैयारी कर रहे थे। उनके चयन की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू हैं और गर्व का भाव उनके चेहरे पर साफ झलक रहा है। तेजस्वी की यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखना नहीं छोड़ते।
